सुपौल:-नगर परिषद सुपौल के सफाईकर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज के समीप आमरण अनशन पर बैठे हैं। आज शुक्रवार को समाजसेवी लव यादव ने अनशन स्थल पर पहुंचकर सफाईकर्मियों को अपना नैतिक समर्थन दिया। उन्होंने नगर प्रशासन और जिला प्रशासन से सफाईकर्मियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द उचित पहल करने की अपील की।
दरअसल, सफाईकर्मियों की प्रमुख मांगों में उचित मानदेय का भुगतान, सरकार के निर्देशानुसार भविष्य निधि (EPF) की राशि समय पर जमा करना तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की सुविधाओं का लाभ देना शामिल है। इन मांगों को लेकर दर्जनों सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि लगातार मांग उठाने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
इस मौके पर लव यादव ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सफाईकर्मियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ये कर्मचारी हर मौसम में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। जब लोग ठंड में रजाई और कंबल में सो रहे होते हैं, तब ये सुबह-सुबह घरों से कचरा उठाने निकल पड़ते हैं। बारिश और कीचड़ के बीच भी बदबूदार नालों की सफाई कर आम लोगों का जीवन आसान बनाते हैं। ऐसे कर्मियों को उनके अधिकारों और सुविधाओं से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पांच साल पहले की तुलना में आज नगर परिषद सफाई मद में करीब तीन गुना अधिक राशि खर्च कर रही है, इसके बावजूद सफाईकर्मियों को उचित मानदेय और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलना नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
लव यादव ने कहा कि सफाईकर्मियों की मांगों को सुनना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सफाईकर्मियों की जायज मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। साथ ही उन्होंने नगर प्रशासन और जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की।



