पटना:- पालीगंज अनुमंडल के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के झबूचक गांव में एक महिला की पुलिस की पिटाई से मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान सतेंद्र बिंद की पत्नी राधिका देवी के रूप में हुई है। मौत के बाद लोगों ने पालीगंज मसौढी रोड को इचीपुर के पास शव रखकर आगजनी कर जाम कर दिया।जाम की सूचना मिलने के बाद पालीगंज अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची,जहां लोगों को समझाया बुझाया गया ।
महिला के मौत के बाद मृतक के परिजनों का आरोप है कि दुल्हिनबाजार थाना पुलिस के द्वारा पीट पीटकर कर महिला की हत्या की गई है। इस बाबत मृतक महिला की बहू जीरा कुमारी ने बताया कि रात को लगभग 12से 1बजे के आसपास जब हमलोग घर में सोए हुए थे। तभी दुल्हिनबाजार थाने की पुलिस अपरहण के मामले में घर पर आई थी। वो भी दूसरे के घर के छत से होते हुए हमारे घर में छत से सीढ़ी के द्वारा नीचे आई। नीचे आते ही पुलिस हमको और हमारी सासु मां को मारने लगी और धक्का दे दी जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
जब हम लोग उनको उठाने की कोशिश किए तो वह नहीं उठी। तभी एक महिला पुलिसकर्मी के द्वारा बताया गया कि प्याज और पानी दो तो उठ जाएगी। उसके बाद सभी पुलिसकर्मी निकल गए और मैंने अपनी सास को देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी।
इसलिए हम लोगों को सरकार से न्याय चाहिए निर्दोष लोग की हत्या पुलिस के द्वारा की गई है।
बता दे कि चार दिन पूर्व दुल्हिनबाजार थानाक्षेत्र के झबुचक गांव निवासी पूनम देवी ने अपनी बेटी के अपहरण को लेकर थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दी थी। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और मामला दर्ज नहीं किया। जिसके बाद पीड़ित महिला डीजीपी के पास पहुंची और पूरी जानकारी डीजीपी विनय कुमार को जनता दरबार में दी।
डीजीपी ने पदाधिकारियों को तत्काल जांच के आदेश दिए। पटना SSP ने पालीगंज डीएसपी 2 के नेतृत्व में जांच कराई जिसमें मामला सही पाया गया और लापरवाही भी सामने आई। इसके बाद पटना एसएसपी ने दुल्हिनबाजार थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया। उसके बाद मामला दर्ज हुआ और पुलिस आरोपी की तलाश में शुक्रवार की रात को मृतक महिला के घर पर गई थी। इसी दौरान नोंकझोक व मारपीट हुई जिसमें महिला की मौत की बात सामने आई है।फिलहाल पुलिस पर ही हत्या का आरोप मृतक के परिजनों ने लगाया है।
इधर घटना को लेकर पालीगंज डीएसपी 2 उमेश्वर कुमार चौधरी ने बताया की बीते देर रात्रि दुल्हिनबाजार की थाने में एक लड़की का अपहरण के मामले पूनम देवी के द्वारा दर्ज करवाया गया था। उसी में मृतक महिला के दोनों पुत्र नामजद थे।जिसके बाद पुलिस आरोपी के घर पर अभियुक्तों को पकड़ने गई थी। इसी दौरान परिवार के लोगों के साथ पुलिस की नोंक झोंक हुई थी। हालांकि महिला की मौत कैसे हुई है अभी तक स्पष्ट है नहीं हो सका है। फिलहाल इसके लिए मेडिकल टीम का गठन किया गया है और मेडिकल टीम के गठन के सहायता से महिला का पोस्टमार्टम होगा। अगर पुलिसकर्मी इसमें दोषी पाए जाएंगे तो जरूर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों को आश्वासन दिया गया है जिसके बाद जाम को हटाया गया है ।शव कों कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेजा गया है।