विधायक के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप ,प्रशासन के उड़े होश

arun raj
arun raj
2 Min Read

बगहा(पश्चिमी चम्पारण /वाल्मिकीनगर):वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने सोमवार को बगहा दो प्रखण्ड में औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया। बिना किसी पूर्व सूचना के विधायक के अचानक पहुंचते ही कार्यालयों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रखण्ड की विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण कर विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और कार्यालयी कामकाज की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी दफ्तरों में बिचौलियों की कोई जगह नहीं है। शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारी और कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फाइलों में अनावश्यक देरी, धांधली और लाभुकों को परेशान करने की प्रवृत्ति पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और प्रखण्ड परिसर में स्वच्छता व्यवस्था सुधार के सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद विधायक ने शहरी पीएचसी बगहा-02 का भी निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि इलाज में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में विधायक ने आईसीडीएस कार्यालय का भी जायजा लिया। महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए और बच्चों को नियमावली के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
स्थानीय लोगों ने विधायक के इस औचक और सख्त निरीक्षण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और तेजी आएगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिले।

Share this Article