सहरसा:- सहरसा सदर अस्पताल में रविवार को पहली बार पहुंचे विधायक इन्द्रजीत गुप्ता ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एंबुलेंस ड्राइवरों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन और एंबुलेंस एजेंसी के साथ बैठक की। बैठक में जिले में संचालित एंबुलेंस सेवा, ड्राइवरों की ड्यूटी, भुगतान और रेफर सिस्टम समेत कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक को बताया गया कि सहरसा जिले में कुल 34 एंबुलेंस संचालित हैं, जिनमें एक गाड़ी पर दो ड्राइवर और दो एमटी तैनात रहते हैं। कुल 125 ड्राइवर कार्यरत हैं, जिन्हें 12 घंटे की ड्यूटी के लिए 545 रुपये का भुगतान किया जाता है। बैठक के दौरान विधायक ने एंबुलेंस ड्राइवरों को भी सख्त हिदायत दी कि अगर किसी रेफर मरीज को पीएमसीएच में भर्ती नहीं कराया गया या किसी तरह की शिकायत सामने आई तो जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा।
इन्द्रजीत गुप्ता ने कहा कि जनता ने उन्हें अपने हक और हितों की रक्षा के लिए चुना है। गरीब मरीजों का सही इलाज होना चाहिए, अस्पताल सिर्फ रेफर करने के लिए नहीं बने हैं। उन्होंने निजी अस्पतालों और रेफर के नाम पर गरीबों के शोषण के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक आवाज उठाने की बात कही।
ऑक्सीजन प्लांट के सवाल पर विधायक ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर जिला अधिकारी दीपेश कुमार के साथ बैठक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पटना से लौटने के बाद वे दोबारा सदर अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण करेंगे और प्रबंधन की समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।