नवादा:- बिहार के नवादा जिले में स्थित महाविद्यालय टीएस कॉलेज के साइकोलॉजी विभाग में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शिक्षा संघ के सचिव अंजनी कुमार ने तत्परता दिखाते हुए 100 से अधिक छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।
साइकोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष अमरदीप के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान विभाग के कमरे से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। आग की तीव्रता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग में विभाग का फ्रिज, टेबल, कुर्सी, बेंच, अलमारी, प्रैक्टिकल की किताबें, महत्वपूर्ण कागजात और लैपटॉप जलकर राख हो गए। कमरे की छत और दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कुल मिलाकर लगभग 12 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर 15 दिन पहले बिहार के राज्यपाल के दौरे पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया था।