पटना:- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीठापुर में बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय और बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया।
उन्होंने तेजी से निर्माण पूर्ण करने का निर्देश दिया। ये दोनों विश्वविद्यालय छात्रों को उच्च स्तर की तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के लिए स्थापित किए गए हैं।
बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय का कुल क्षेत्रफल 27567 वर्गमीटर है, जिसमें प्रशासनिक सह शैक्षणिक भवन, परीक्षा कक्ष, औषधालय, बहुउद्देशीय मंच, प्रतीक्षालय कक्ष, सूचना केन्द्र, नामांकन शाखा, कुलाधिपति कक्ष, प्रशिक्षण सह स्थानन शाखा इत्यादि शामिल हैं। बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का मुख्य भवन 04 मंजिल का होगा, जिसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 1,11,732 वर्गफीट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के छात्र एवं छात्राओं को उच्च स्तर की तकनीकी शिक्षा प्रदान करने हेतु इन विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई है। उन्होंने निर्माण कार्य को बेहतर ढंग से और तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मीठापुर के इस क्षेत्र में चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वाविद्यालय, निफ्ट, चाणक्या लॉ यूनिवर्सिटी एवं मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थान बनाये गए हैं। यह पूरा क्षेत्र काफी अच्छा हो गया है। इन दोनों विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूर्ण होने से यह क्षेत्र और भी अच्छा दिखेगा।