पटना :- दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी और माता साहिब कौर जी के ‘जोड़ा साहिब’ को लेकर “चरण सुहावे गुर चरण यात्रा” आज सुबह आगरा के गुरुद्वारा गुरु का ताल से आरम्भ हुई और देर शाम बरेली पहुंचकर रात्रि विश्राम होगा। यात्रा के साथ इंप्रीत सिंह बक्शी, यात्रा के कॉर्डिनेटर जसबीर सिंह धाम, मैनेजर हरजीत सिंह, गुरुद्वारा मोती बाग के चेयरमैन मंजीत सिंह आदि चलकर यात्रा को सुचारू रूप से चलाने में एहम भूमिका निभा रहे हैं।
तख्त पटना साहिब कमेटी के मीडिया प्रभारी सुदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु चरण यात्रा कल आगरा पहुंची थी जहां स्थानीय संसद मेंबर, विधायक सहित अनेक गणमान्य शख्सियतें सहित बड़ी गिनती में संगत ने पहुंचकर यात्रा का शानदार स्वागत किया। गुरु साहिब के पावन सरुप को संगत पालकी में लेकर गुरुद्वारा साहिब गई। वहीं संगत ने पूरी श्रद्धा भावना के साथ गुरु साहिब की निशानी जोड़ा साहिब के दर्शन भी किए। आज सुबह यात्रा आगरा से बरेली के लिए निकल गई।
यात्रा का संगत पूरे रास्ते में भव्य स्वागत करती दिखाई दे रही है। आज रात को यात्रा बरेली पहुंचेगी और 26 को बरेली से मेहगापुर, 27 को लखनऊ, 28 को कानपुर, 29 को प्रयागराज, 30 को वाराणसी से सासाराम होते हुए 31 अक्तूबर को गुरुद्वारा गुरु का बाग, पटना साहिब पहुंचेगी और 1 नवंबर की सुबह यह तख्त श्री पटना साहिब पहुंचेगी।