नीतीश कुमार की ‘‘समृद्धि यात्रा’’ को लेकर जनता में उत्साह, जनसंवाद से होगा जनसमस्याओं का समाधान – उमेश सिंह कुशवाहा

arun raj
arun raj
3 Min Read

पटना:- बिहार जद (यू) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को जारी अपने बयान में कहा कि आगामी 16 जनवरी से प्रारंभ हो रही मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की ‘‘समृद्धि यात्रा’’ को लेकर प्रदेश की जनता में खासा उत्साह है। इस यात्रा के तहत मा0 मुख्यमंत्री पूरे बिहार का दौरा कर प्रगति यात्रा, सात निश्चय सहित अन्य विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा जनता से सीधे संवाद करेंगे।

       श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जनता के बीच जाकर संवाद करना, उनकी समस्याओं को जानना और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करना मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा रहा है। यही उनकी अनूठी शैली उन्हें देश के अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाती है।

      प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2005 में श्री नीतीश कुमार ने पहली बार ‘न्याय यात्रा’ के माध्यम से जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझने का कार्य किया था। वर्ष 2005 से 2026 के अंतराल में वे अब तक 15 राज्यव्यापी यात्राएँ कर चुके हैं और 16 जनवरी से अपनी 16वीं यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। जनसेवा के क्षेत्र में यह एक ऐसा अनूठा कीर्तिमान है, जो देश के किसी अन्य मुख्यमंत्री के नाम दर्ज नहीं हो पाया है।

      उन्होंने कहा कि गत प्रगति यात्रा के दौरान मा0 मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से करीब 430 नई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई थी, जिनमें से 21 योजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाओं पर तेज गति से कार्य प्रगति पर है।

    प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसेवा ही श्री नीतीश कुमार की राजनीति का केंद्र बिंदु रहा है। इसी कारण वे सीधे जनता से संवाद स्थापित करते हैं, ताकि आम लोगों की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं को गहराई से समझा जा सके और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

     श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि ‘‘समृद्धि यात्रा’’ के क्रम में श्री नीतीश कुमार के द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। यह यात्रा बिहार की विकास यात्रा को नया आयाम देगी और विकसित बिहार के निर्माण की मजबूत नींव साबित होगी।

Share this Article