“मेरा युवा भारत” किशनगंज कार्यालय में कर्मी नदारत, डीएम बोले— होगी जांच

arun raj
arun raj
2 Min Read

किशनगंज(बिहार) :- किशनगंज जिले में देश के युवाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से वर्ष 1972 में स्थापित नेहरू युवा केंद्र, जिसे 31 अक्टूबर 2023 को केंद्र सरकार ने “मेरा युवा भारत” नाम दिया, आज किशनगंज में अपनी बदहाली और लचर कार्यशैली को लेकर सवालों के घेरे में है। खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त यह संगठन देश के 623 जिलों में युवाओं को संगठित करने का कार्य करता है, लेकिन किशनगंज कार्यालय की स्थिति इसके उद्देश्यों के विपरीत नजर आ रही है।


डुमरिया काली मंदिर के समीप एक दुर्गम तीन मंजिला भवन में स्थित मेरा युवा भारत का जिला कार्यालय अक्सर दोपहर 12 बजे तक बंद रहता है। इससे दूर-दराज के इलाकों से आने वाले युवा निराश होकर लौटने को मजबूर हैं। हाल ही में मीडिया निरीक्षण के दौरान कार्यालय में केवल एक सफाईकर्मी मौजूद पाया गया, जबकि कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित नहीं था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि कार्यालय बंद रहने की सूचना उनके संज्ञान में आई है और इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं कार्यालय के लेखपाल शाहजहां अंसारी ने सात जिलों का अतिरिक्त प्रभार और आकस्मिक अवकाश का हवाला देते हुए जवाबदेही से पल्ला झाड़ लिया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि 15 से 29 वर्ष के युवाओं को सशक्त बनाने का दावा करने वाला संगठन स्वयं अव्यवस्था का शिकार होकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कैसे कर सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन की जांच के बाद क्या ठोस कार्रवाई होती है।

Share this Article