नीतीश कुमार ने जदयू कोष में दिया एक माह का वेतन

arun raj
arun raj
2 Min Read

 पटना:- मुख्यमंत्री सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार ने जनता दल (यूनाइटेड) के कोष में अपना एक माह का वेतन दिया। विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता सह पार्टी के कोषाध्यक्ष श्री ललन कुमार सर्राफ को उन्होंने 1, अणे मार्ग, पटना में अपने एक माह के वेतन का चेक सौंपा। साथ ही इस मौके पर उन्होंने पार्टी के मंत्रियों, सांसदों, विधानमंडल दल के सदस्यों, विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर आसीन नेताओं तथा पार्टी की विचारधारा में आस्था रखने वाले सभी समृद्ध एवं सामर्थ्यवान लोगों का आह्वान भी किया कि पार्टी की मजबूती के लिए वे सभी यथासंभव सहयोग करें।

 नीतीश कुमार ने इस मौके पर कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) कार्यकर्ताओं की पार्टी है। न्याय के साथ विकास के पथ पर चलते हुए पार्टी ना केवल लगातार कार्यक्रम चलाती है बल्कि पार्टी के जरूरतमंद साथियों की मदद भी तत्परता के साथ करती है। इसके लिए जरूरी है कि पार्टी के कोष में कोई कमी ना हो। उन्होंने कहा कि जदयू को अभी बहुत लम्बा सफर तय करना है और जनसेवा को नया आयाम देना है। अबाध रूप से सेवा के लिए साधन में कमी नहीं हो, इसका ध्यान रखना भी हम सभी का दायित्व है।  

  वहीं दूसरी तरफ माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए  ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि श्री नीतीश कुमार का जीवन जनसेवा की अद्भुत मिसाल है। मुख्यमंत्री के रूप में जहाँ वे समस्त बिहारवासियों के लिए हर पल चिन्ता करते हैं वैसे ही पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं का ध्यान भी अभिभावक की तरह रखते हैं। उन्होंने अपना क्षण-क्षण और कण-कण लोककल्याण के लिए न्योछावर कर दिया है। हम सभी को उनके पथ का अनुसरण कर पार्टी की मजबूती में लगना चाहिए।

Share this Article