चुनाव आयोग की नियमित प्रक्रियाओं पर अनर्गल सवाल उठाकर विपक्ष हार के बहाने तलाश रहा है – उमेश सिंह कुशवाहा

arun raj
arun raj
2 Min Read

पटना :- चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर जनता दल (यू) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विपक्ष आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी संभावित हार से भयभीत है, और इसी घबराहट में वह लोकतंत्र की नियमित और पारदर्शी प्रक्रियाओं पर अनर्गल सवाल उठाकर उन्हें कटघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

    साथ ही उन्होंने कहा कि यह कहीं न कहीं विपक्ष द्वारा अभी से अपनी हार का बहाना तलाशने जैसा है।

     श्री कुशवाहा ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष और संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर उंगली उठाना लोकतांत्रिक परंपराओं का खुला अपमान है। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि विपक्ष जनसमर्थन और जनविश्वास पूरी तरह खो चुका है, और उसका जनाधार लगातार खिसक रहा है। उन्होंने कहा कि निराधार आरोप और झूठे प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करने की कोशिश विपक्ष की बौखलाहट को ही उजागर करती है।

    प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक नियमित और आवश्यक प्रक्रिया है, जो प्रत्येक चुनाव से पूर्व लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से की जाती है। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के समक्ष रखने लायक कोई ठोस मुद्दा न होने के कारण विपक्ष अब बेबुनियाद आरोप लगाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन बिहार की जागरूक जनता ऐसी साजिशों में फंसने वाली नहीं है।

Share this Article