पटना:- पटना पुलिस इन दिनों अपराध पर लगाम लगाने को लेकर नए नए हथकंडे अपना रही है जिससे पटना पुलिस को सफलता भी मिल रही है।
इसी कड़ी में एक बार फिर से पटना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। खुसरुपुर थानांतर्गत थानाध्यक्ष खुसरुपुर के नेतृत्व में हत्या के प्रयास, लूट एवं आर्म्स एक्ट के काण्डों में वांछित तथा करीब डेढ़ दर्जन काण्डों में संलिप्त अभियुक्त अंगेश कुमार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर विभिन्न काण्डों में लूटा हुआ सामान एवं घटना में प्रयुक्त आग्नेयास़्त्र की बरामदगी हेतु उसे संबंधित स्थलों पर लाया गया। इसी क्रम में अभियुक्त द्वारा छुपाकर रखे गये हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया गया।
तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गई, जिससे अभियुक्त घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले को लेकर पटना एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि इस संबंध में भी प्राथमिकी दर्ज करते हुए अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही उन्होंने बताया कि FSL टीम द्वारा घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। और आगे की कार्रवाई की जा रही है।