नीतीश सरकार ने किया बिहार का कायाकल्पः राजीव रंजन

arun raj
arun raj
3 Min Read

पटना:- जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजीव रंजन ने आज कहा है कि विपक्षी राजकुमार चाहे जितना भी झूठ बोल लें लेकिन लोग जानते हैं कि नीतीश सरकार में बिहार का जैसा कायाकल्प हुआ वैसा पहले कभी नहीं हुआ था। पहले हर चुनाव में बिजली, सड़क, पानी मुद्दा हुआ करते थे। लेकिन नीतीश सरकार के द्वारा किए गए कार्यों के कारण अब चुनावों में कोई इनका नाम तक नहीं लेता। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की प्रतिबद्धिता से आज बिहार के हर गांव में बिजली, सड़क, पानी के साथ शौचालय व रसोई गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं का जाल बिछ चुका है।

उन्होंने कहा कि राजद के राज में जिन अस्पतालों में कुत्ते घूमते थे आज वहां चौबीसों घंटे निशुल्क चिकित्सा का लाभ मिल रहा है। इसी तरह राजद के कुशासन में जिन स्कूलों में दबंग अपने मवेशी बांधते थे वहां आज गरीबों के बच्चों को साइकिल, पोशाक, मिड दे मील और छात्रवृति के साथ अच्छी शिक्षा का लाभ मिल रहा है। तब लड़कियां स्कूल नहीं जाती थीं, लेकिन आज उनकी संख्या स्कूल जाने वाले लड़कों के बराबर हो चुकी है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि इसी तरह कांग्रेस ‘गरीबी हटाओ’ के नारे के साथ लंबे समय तक लोगों को छलती रही। लेकिन उनके राज में कुछ खास परिवार ने अरबों की संपत्ति अर्जित कर ली और गरीब वहीं के वहीं रह गये। लेकिन नीतीश सरकार ने इस मोर्चे पर भी बेहतरीन काम किया और 2005-06 से 2019-21 के बीच बिहार में 44.52 प्रतिशत आबादी को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकाला। निति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक नीतीश सरकार में 3.77 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल चुके हैं।

उन्होंने कहा कि राजद के युवराज भी जानते हैं कि विकास के नाम पर उनके राज और नीतीश सरकार में कोई तुलना हो ही नहीं सकती। इसीलिए वह भी मजबूरी में नीतीश सरकार के कामों को अपना बताते हुए उन्हीं का गुणगान करते रहते हैं। उन्हें समझ लेना चाहिए काठ की हांड़ी बार-बार चूल्हे पर नहीं चढ़ती। जनता उनके धोखे में आने वाली नहीं है।

Share this Article