सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत

arun raj
arun raj
2 Min Read

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा- गोपालगंज में सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गयी। घटना बरौली थाना के प्यारेपुर एनएच 27 की है। मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने एनएच 27 पर जाम कर दिया। परिजन सड़क निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाकर डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर पहुंचे सदर एसडीपीओ 2 अभय कुमार रंजन ने बच्चे के परिजनों को 4 लाख के मुआवजे का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।
सड़क निर्माण के लिए खोदा गया था गड्ढा। बरौली थाना के प्यारेपुर गांव के समीप एनएच 27 के किनारे एनएच सड़क निर्माण कार्य चल रहा है और कंपनी के द्वारा पुल निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया था। गड्ढा गहरा होने से बारिश का पानी भर गया था। शाम को सड़क किनारे खेल रहा बच्चा फिसल गया और गड्ढे में जा गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शासन और सड़क निर्माण कंपनी को घटना का जिम्मेदार बताते हुए चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने सड़क निर्माण कंपनी पर बिना सेफ्टी के काम करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। एनएच 27 पर हंगामें की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने बच्चे की मौत पर 4 लाख का मुआवजा देने का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ।

Share this Article