बेगूसराय:- पुलिस ने टाप टेन अपराधियों में शामिल नागो महतो गिरोह के दो कुख्यात बदमाश को हथियार और गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिंघौल थाना क्षेत्र बगवाड़ा गांव से कुख्यात बदमाश नागों महतो गैंग के सक्रिय सदस्य रामनाथ महतो और रजनीश कुमार को एक देशी पिस्तौल और करीब डेढ़ किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
इस पूरे मामले पर एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि नागो महतो दूसरे राज्य में रहकर बेगूसराय में आपराधिक गिरोह चलाता है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस वहां भी छापेमारी की थी जिसके बाद वहां से वह फरार हो गया लेकिन फरारी के दौरान उसके दो साथियों को बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार रामनाथ महतो नागो महतो को बेगूसराय में पैसे वालों की सूची देता था और वह वहां से उससे रंगदारी की मांग करता था उसके बाद रामनाथ महतो पीड़ित और नागो महतो के बीच समझौता करा राशि उगाही करता था। हाल के दिनों में करीब 5 लोगों से इस गिरोह के द्वारा रंगदारी की मांग की गई थी।
कुख्यात नागो महतो गिरोह के द्वारा हाल के दिनों में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया गया था और लोगों को डरा धमका कर रंगदारी वसूलने का काम कर रहा था। इन दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी से नागो महतो गैंग कमजोर हुआ और आने वाले समय में अपराधी घटनाओं में कमी आएगी। हालांकि गिरोह का सरगना नागो महतो अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।