गया:- शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र के रुक्मणि तालाब में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव को एसडीआरएफ के गोताखोर ने तालाब से बाहर निकाला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की तलाशी में मृतक के कपड़े से एक चाकू बरामद हुआ। वहीं पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है।
बताते चलें कि गुरुवार की सुबह गया शहर के रुक्मणि तालाब के आसपास के रहने वाले लोग जब तालाब के किनारे टहलने के लिए पहुंचे तो तालाब में शव को तैरता देखा। लोगों ने इस बात कि सूचना विष्णुपद थाने को दी। इस बीच बड़ी संख्या में तालाब के पास इलाके के लोग जुट गए। वहीं विष्णुपद थाने की पुलिस टीम भी एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकालने जुट गई। शव को गोताखोर दीपक कुमार ने निकाल कर तालाब के पथ वे रखा। इस बीच शव की शिनाख्त के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस की टीम ने शव की तलाशी ली तो उसके कपड़े से एक चाकू व एक जोड़ी चप्पल निकला। इसके अलावा शव से किसी प्रकार की कोई चीज बरामद नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब में युवक कब और कैसे डूब गया, इस बात की भनक तक आसपास के लोगों को नहीं लगी। इधर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में जुटी है। हालांकि शव की शिनाख्त के लिए 72 घण्टे तक सुरक्षित रखा जाएगा।