गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा:- पुलिस ने 2022 में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। पिछले वर्ष हुए इस हत्याकांड को लेकर चौंका देने वाला सच सामने आया है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश की एक युवती की 22 फरवरी 2022 की रात हत्या कर शव को रेलवे स्टेशन के समीप फेंक दिया गया था। इस मामले को लेकर चौकीदार रामबाबू यादव के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी तो दर्ज की किया गया था लेकिन पुलिस हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगाया गया था।
वहीं इस पूरे मामले पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि नए थानाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव ने नए सिरे से पूरे मामले की छानबीन दुबारा से शुरू की , अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आया कि हिमाचल प्रदेश की एक युवती को बिहार के छपरा जिले के लड़का से प्यार हो गया था। दोनों का प्यार खूब परवान भी चढ़ा लेकिन इसी दौरान प्रेमी के पत्नी को इस प्यार की भनक लग गई। फिर उसने पति और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रेमिका को ठिकाने लगाने की फिल्मी स्क्रिप्ट लिख दी और पति यानी प्रेमी की मदद से हिमाचल प्रदेश की युवती को बिहार बुलाया और उसकी हत्या कर साक्ष्य को छुपाने के लिए दूर दराज मांझागढ़ रेलवे स्टेशन पर शव को फेंक दिया गया था।
पुलिस ने डेढ़ साल बाद इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्याकांड में शामिल समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के खरहरिया गांव के गोविन्द यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सहित अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही मृतक युवती की पहचान के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।