23 अगस्त को मनाई जायेगी अमर शहीद रामफल मंडल जी कीपुण्यतिथि – राजीव रंजन

arun raj
arun raj
2 Min Read

पटना:- आगामी 23 अगस्त को पटना के पहाड़ी में अखिल भारतीय धानुक महासंघ द्वारा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद रामफल मंडल जी की पुण्यतिथि पर वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता श्री राजीव रंजन को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। उनके अतिरिक्त जदयू के अतिपिछड़ा विंग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 धमेंद्र चन्द्रवंशी की भी इस कार्यक्रम में उपस्थिति रहेगी। आयोजन का पूरा प्रबंध अतिपिछड़ा विंग के उपाध्यक्ष व अखिल भारतीय धानुक महासंघ के अध्यक्ष शंकर प्रसाद द्वारा किया जा रहा है।

इस विषय पर अधिक जानकारी देते हुए जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्री राजीव रंजन ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अनन्य सेनानी अमर शहीद रामफल मंडल सिर्फ एक नाम नहीं है बल्कि एक क्रांति है, जिसने 1942 के आंदोलन में बिहार के सीतामढ़ी जिले में अंग्रेजों और उनके खैरात पर पलने वालों चाटुकारों के मन में खौफ़ भर दिया था। बिहारवासियों के मन में क्रांति का ज्वार भरने वाले रामफल मंडल जी सिर्फ एक व्यक्ति विशेष नहीं थे बल्कि गुलामी के जंजीरों में जकड़े हर बिहारवासी के मन की आस बन चुके थे, जो उन बेड़ियों को तोड़ फेंकना चाह रहे थे।

उन्होंने कहा कि शौर्य, साहस और त्याग, तपस्या की प्रखर प्रतिमूर्ति रामफल मंडल जी बिहार के पहले सपूत थे जिन्होंने माँ भारती की स्वतंत्रता के लिए फांसी के फंदे को हंसते हंसते चूम लिया था। उनके बलिदान ने न केवल सीतामढ़ी बल्कि पूरे बिहार के युवाओं के आजादी की भावना को प्रबल कर दिया, जिसकी परिणति देश की आजादी के रूप में हुई।  

आयोजकों को साधुवाद देते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि रामफल मंडल जैसे अमर शहीद की गाथा को प्रत्येक बिहारवासी तक पहुँचाने में इस तरह के आयोजन काफी सहायक सिद्ध होंगे। अखिल भारतीय धानुक महासंघ के नेता समेत एक-एक कार्यकर्ता इसके लिए बधाई का पात्र है।

Share this Article