गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा : – पिछले दिनों हुए बैंक के कैशियर की हत्या की गुत्थी गोपालगंज पुलिस सुलझा ली है ,इस मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए बाइक, एक देसी कट्टा, व दो जिंदा कारतूस को भी बरामद किया गया है। यह पूरी कार्यवाही गोपालगंज एसआईटी के द्वारा माझागढ़ थाना क्षेत्र में की गई है।
इस बात की जानकारी गोपालगंज एसपी स्वर्ण प्रभात ने प्रेसवार्ता कर बताया है वहीं उन्होंने बताया कि 2 दिन पूर्व बैंक के कैशियर रविंद्र यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी वे अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी बाइक सवार अपराधियों ने गोलियों से भूनकर उनकी हत्या कर दी थी।
एसपी ने बताया कि हत्या के बाद मृतक के परिजनों ने कई लोगों को नामजद बनाया था। उन नामजद अभियुक्तों से पूछताछ की गई। इसके अलावा एसआईटी के द्वारा पूरे मामले की टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर छानबीन की गई। एसआईटी ने हत्या में शामिल तीन अभियुक्तों मिथुन यादव, छोटे लाल यादव और लल्लन यादव को गिरफ्तार किया है।
वहीं दूसरी तरफ स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बैंक कैशियर की हत्या की वजह पुरानी रंजिश है। जिसमें पीड़ित पक्ष के द्वारा हत्या के मुख्य अभियुक्त मिथुन यादव के परिजन की ढाई साल पूर्व हत्या की गई थी। उसी हत्या की बदला लेने के लिए यह जवाबी कार्रवाई की गई है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनो अभियुक्तों का पूर्व में अपराधिक इतिहास रहा है।
इस पूरे मामले में एक और मुख्य अभियुक्त जो वर्तमान में इसी पंचायत का मुखिया राजेंद्र यादव है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर भी छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों से बारी-बारी से पूछताछ की जा रही है। और पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह हत्या शूटरों के द्वारा कराई गई है। शूटरों को हथियार कहां से मिले थे और उन्हें किसके द्वारा पैसे उपलब्ध कराया गया था। इसकी भी छानबीन की जा रही है।
बहरहाल बैंक कैशियर की हत्या की गुत्थी सुलझा लेने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
बैंक के कैशियर के हत्या की गुत्थी गोपालगंज पुलिस ने सुलझा लिया