चार बच्चों की माँ और दो बच्चों के बाप ने आपसी रजामंदी से मधवापुर थाना परिसर में पुलिस की मौजूदगी में रचाई दूसरी शादी

kushmediaadmin
kushmediaadmin
3 Min Read

मधुबनी (हरलाखी विधानसभा) से मनोज कुमार :– कहते हैं प्रेम रंग-रूप, जाति, धर्म, उम्र, स्वभाव इन सबों से परे होता है। जब किसी को किसी से प्रेम होता है तो फिर इन चीजों का कोई महत्व नहीं रह जाता। ऐसी ही एक बानगी मधवापुर थाना में देखने को मिली, जहाँ थाना के महिला हेल्पडेस्क के सहयोग से दो बच्चों के बाप और चार बच्चों की मां ने आपसी रजामंदी से अपने अपने समाज की मौजूदगी में थाना में ही अपनी दूसरी शादी रचा ली। थाना प्रांगण में अवस्थित बजरंग बली के मंदिर में अपने अपने समाज के लोगों और थाना के महिला डेस्क सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में समाजिक पंचायती के बाद दोनों प्रेमी युगल हिन्दू रीति रिवाज से वैवाहिक बंधन में बंध गए।

सिंदूरदान के बाद जैसे ही दोनों ने एक दूसरे को माला पहनाई कि तालियों की गड़गड़ाहट से थाना प्रांगण गूंज उठा।दूल्हा मधवापुर थाना क्षेत्र के औरा गांव निवासी बलराम पूर्वे पहले से विवाहित है। उसकी पहली पत्नी का स्वर्गवास हो चुका है। जिससे उसे एक पुत्र व एक पुत्री है। पुत्री की भी शादी हो चुकी है। जबकि दुल्हिन माला देवी इसी थाना क्षेत्र के बासुकी बिहारी दक्षिणी गांव की रहनेवाली है। वो भी पहले से विवाहित है ।

जिसमें पुराने पति से उसके 4 बच्चे हैं। पहले पति ने 3 बच्चों को लेकर माला को छोड़कर दूसरी शादी कर ली है। जबकि एक 10 वर्ष की बच्ची मीनाक्षी उसके साथ ही रहती है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लगभग 4 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

इस दौरान दिल्ली में दोनों एक दूसरे से मिलते जुलते थे। फिर धीरे धीरे यह बात उनके समाज के लोगों को भी मालूम चली तो फिर लोगों में कई तरह की चर्चाएं होने लगी। फिर बात बिगड़ने पर लोगों ने सामाजिक पंचायती कर दोनों को परिणय सूत्र में बांधने का निर्णय लिया। जिसके बाद दोनों के समाज के प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी में थाना में ही दोनों की शादी करा दी गई।

Share this Article