arun raj
arun raj
3 Min Read

आज फुलहर स्थित प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी के प्रथम मिलन स्थल बगतराग पुष्पवाटिका में हुए भूमि पूजन के साथ ही इस पौराणिक स्थल के पर्यटन विकास कार्यों की विधिवत शुरुआत हो गई। भूमि पूजन कार्यक्रम में बिहार सरकार के पर्यटन एवं कला-संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि मंत्री बनने के बाद उन्होंने अयोध्या दर्शन से अपने कार्यकाल की शुरुआत की और इसके बाद रामायण काल से जुड़े बिहार के प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। इसी क्रम में अयोध्या से बक्सर, अहिल्या स्थान, पुनौराधाम, फुलहर और कल्याणेश्वर स्थान को रामायण सर्किट से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि आज इस पावन भूमि पर भूमि पूजन करने का सौभाग्य मिला, जिससे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बताया कि फुलहर स्थान को पर्यटकीय दृष्टि से विकसित करने के लिए बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा 32 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा, जिससे यह स्थल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में हरलाखी के कल्याणेश्वर स्थान, विश्वामित्र आश्रम, बासोपट्टी के बभनदै पोखर व शिलानाथ स्थान तथा जयनगर में माता कमला क्षेत्र का भी पर्यटन विभाग द्वारा विकास किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक सुधांशु शेखर, विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर, पूर्व विधायक रामाशीष यादव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भोगेंद्र ठाकुर, मुखिया बीना देवी सहित कई जनप्रतिनिधि, साधु-संत एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जनकपुरधाम के संत रामभूषण दास ने कहा कि यह श्रीसीताराम भक्तों की वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति है, जिससे फुलहर स्थान को वैश्विक पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रथम मिलन स्थल समिति के अध्यक्ष झगरू यादव ने की, जबकि संचालन समाजसेवी रंजीत ठाकुर ने किया।
भूमि पूजन के दौरान ‘जय जय सियाराम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम शारंग पाणि पांडेय, एसडीपीओ अमित कुमार, बीडीओ रविशंकर पटेल, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम में समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share this Article